महानगर विकास समिति का आठवां आयोजन
केशव नगर के पार्क में लगाई नौ ग्रह वाटिका
रोपे गए 108 पौधों को पाले पोसेगी समिति

कानपुर पर्यावरण साफ सुथरा हो। पितर प्रसन्न होकर कृपा बरसाएं और नौ ग्रह भी अपनी चाल सीधी कर लें, ताकि लोगों के जीवन की बगिया भी महक उठे। इसी लक्ष्य को साधने के लिए महानगर विकास समिति ने बढ़िया जतन किया है। ये बात गुरुवार को नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने समिति के पितृ पक्ष के अवसर पर आठवें वर्ष के केशव नगर स्थित पार्क में हुए आयोजन के मौके पर कही।

मुख्य अतिथि विधायक महेश त्रिवेदी ने कहा कि केशव नगर के पार्क में नवग्रह वाटिका बनाई गई, जो शहर में पहली वाटिका है। अभी तक पंचवटी पौधे रोपे गए हैं। समिति की ओर से हर साल पितर पक्ष के मौके पर अपनों की याद में पौधे रोपे जाते हैं। लोग पौधे रोपे जाते हैं और इन्हें पालने पोसने का जिम्मा महानगर विकास समिति उठाती है। यह काम पुरखों के लिए अविस्मरणीय है। इससे इस लोक में पर्यावरण तो उस लोक में जीवन सुधार होता है। जीवन-मृत्यु के बीच ही मनुष्य है। इसलिए हमेशा अच्छे कार्य करते रहने चाहिए।

समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेश अवस्थी ने बताया कि महानगर विकास समिति ने धर्म शास्त्रों के जानकारों से चर्चा के बाद इस बार नौग्रह वाटिका विकसित करने का फैसला लिया। इसमें नौ ग्रहों के हिसाब से पौधे रोपे गए, ताकि ग्रह संतुष्ट होकर अपनी टेढ़ी चाल बदल लें। धर्म शास्त्रों में भी इसका जिक्र है, उसी के मुताबिक विधिवत मंत्रोच्चार के बीच पंडित कमल शंकर मिश्र ने नवग्रह वाटिका में मदार, ढाक, खैर, अपामार्ग, पीपल, गूलर, समी, दूर्बा व कुश के पौधे रोपे गए। संघ के विभाग प्रचारक बैरिस्टर सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दूसरे सरसंघचालक माधवराव सदाशिव राव गोलवलकर गुरु जी की स्मृति में पौधा रोपा। समिति के जिलाध्यक्ष आनंद सिंह व संयोजक रोहित अवस्थी ने बताया कि पार्क में कुल 108 पौधों का रोपण लोगों ने अपने पूर्वजों की स्मृति में किया व उनके नाम की पट्टिका भी लगाई गई। प्रमुख रूप से समिति के महामंत्री निखिलेश दुबे, पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार बालचंद्र मिश्र, अनुपम दुबे, पार्षद अवधेश त्रिपाठी व हरस्वरूप तिवारी, विकास तिवारी, डा रमेश दीक्षित, दिनेश अवस्थी, रजत राजपूत, अनमोल भट्ट, सोनू पांडेय, अभिषेक सैनी, विकास दुबे, मोनू पांडेय, गौरव सक्सेना, ऋषि अवस्थी, विपिन सिंह, गौरव धाकरे, विनीत श्रीवास्तव, संदीप पांडेय, वीरेंद्र सिंह, आकर्षण तिवारी उपस्थित रहे।
Read also: अगर आप भी प्लेन में पहली बार यात्रा करने जा रहे है तो इन बातों का ध्यान जरुर रखे !